Tuesday, October 16, 2007

हाल्ट! हुकम सदर

(स्व. श्री हरिप्रसाद अवधिया रचित कहानी)

1

यह सोचना सच नहीं होगा कि कठोर कर्तव्य वाली नौकरी में रात-दिन उलझे रहने के कारण पुलिस वालों में कोमल भावनायें नहीं होतीं। उनके पास भी हृदय होता है और हृदय में कम से कम अपनों के लिये तो दया, क्षमा, सहानुभूति, ममता और स्नेह की कोमल भावनायें रहती ही हैं। पुलिस वालों के भी कुटुम्ब होते हैं जिनमें पत्नी, पुत्र-पुत्री, माता-पिता, भाई-बहन रहते हैं जिनके प्रति वे कठोर कैसे हो सकते हैं। पुलिस विभाग में काम करने वाले हवलदार सुजान सिंह के मस्तिष्क में भी कर्तव्य की निर्मम कठोरता और हृदय में अपनी पुत्री प्रेमा के लिय अगाध प्रेम था। कुटुम्ब के नाम से वे, उनकी विधवा बहन राधा और जवान लड़की प्रेमा के सिवाय और कोई नहीं था। राधा गाँव में रह कर थोड़ी से खेती-बाड़ी की देखभाल किया करती थी। प्रेमा की माँ उसके बचपन में ही चल बसी थी। उसे राधा ने ही प्यार से पाला था और पिता के स्नेह ने किसी दुःख का अनुभव होने नहीं दिया था। सुजान सिंह प्रेमा के ब्याह की चिन्ता में डूबे रहते थे।

प्रेमा के कदम यौवन में पड़ चुके थे। उसका रूप-लावण्य निखर आया था। यौवन के साथ आकर्षण स्वाभाविक ही होता है पर प्रेमा अपने रूप को बनाव-श्रृंगार का सहारा देकर अधिक खींच लेने वाला बनाती थी। शिक्षा के नाम से वह कुल प्रायमरी ही पास थी। एक तो सुजान सिंह की स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह उसे आगे पढ़ा पाता। दूसरे वह इस पक्ष में भी नहीं था कि लड़कियों को आधुनिक शिक्षा दी जावे। उसकी दृष्टि से इतनी ही शिक्षा काफी थी कि लड़की रामायण पढ़ ले और चिट्ठी-पत्री लिख-बाँच सके।

सुजान सिंह घर की ओर से चिन्ता मुक्त थे। प्रेमा घर के सब काम-काज करती और अवकाश का समय पड़ोस की सहेलियों के साथ बिता लेती थी। उसके जीवन में कोई विशेष आकांक्षा थी ही नहीं। प्रकृति से तो हर आदमी लाचार रहता है - फिर प्रेमा भी इसका अपवाद कैसे हो सकती थी।। यदि उसके मन में कोई इच्छा आती भी तो बस इतनी ही कि अब उसका ब्याह हो जाना चाहिये। सहेलियों के बीच भी लगभग इसी विषय पर बातें होती थीं या फिर युग के प्रभाव के अनुसार सिनेमा की चर्चा होती। पढ़ने की दिशा में वे लड़किया रामायण या दूसरे सद्ग्रंथ तो कम पर सस्ती पत्रिकायें, रोमांस से भरे हुये उपन्यास और कहानियाँ ही अधिक पढ़ लेती थीं। उन्हें क्या पता कि उनके मन में सोई हुई वासना इन सब बातों से किस प्रका धीरे धीरे जाग कर उमड़ जावेगी।

घर में बढ़ी हुई लड़की हो तो उसके ब्याह की चिन्ता माता-पिता को व्याकुल किये रहती है। सुजान सिंह प्रेमा के लिये वर ढूँढने में कोई कसर बाकी नहीं रखते थे। उन्होंने कई जगह बात चलाई पर कहीं मन पसन्द लड़का नहीं मिलता था तो कहीं भारी रकम माँगी जाती थी। समाज तो यह नहीं देखता कि कौन कितनी जीविका अर्जित करता है और किसकी कितनी आर्थिक स्थिति है पर लड़की के ब्याह के लिये उसके पिता की हैसियत से कई गुनी अधिक रकम हर जगह माँगी जाती है। किसी को यह चिन्ता तक नहीं कि इस राक्षसी प्रथा से कितनी ही लड़कियाँ कुँवारी बैठी रह जाती हैं और उनका जीवन घुन लगी हुई लकड़ी की तरह हो जाता है। सुजान सिंह अपने कर्तव्य में ईमानदार थे। इसी लिये वे घूसखोरी या और किसी प्रकार के भ्रष्टाचार से इतनी अधिक रकम नहीं कमा सके थे जिससे प्रेमा का ब्याह अच्छी खासी दहेज देकर कर सकते।

सुजान सिंह इस बात का बराबर ध्यान रखते थे कि प्रेमा अपने जीवन से ऊब न जाये। इसीलिये वे उसे कभी-कभी अपनी बहन राधा के पास कुछ दिनों के लिये गाँव भेज देते जिससे वातावरण बदलने के साथ-साथ उसका मन बहलता रहे।

उस दिन राधा गाँव से आई। उसने प्रेमा को पैनी नजर से देखा - वह उसके मनोभावों का मानो अध्ययन करना चाहती हो। उसने देखा सुजान सिंह तो अधिकतर ड्यूटी पर ही रहते हैं। और फिर वह पुलिस की ड्यूटी ठहरी। चौबीस घण्टे में कहीं भी किसी भी समय जाना पड़ जाता है। प्रेमा को अपनी मनचली सहेलियों के साथ रहने का ही अवसर अधिक मिलता है। राधा ने भाँप लिया कि यद्यपि प्रेमा युवती हो गई है तो भी उसके मुख की सुन्दर प्रसन्नता पर चिन्ता का हल्का सा बादल छाया रहता है। राधा ने भी इससे चिन्ता और दुःख का अनुभव किया और एक दिन सुजान सिंह से पूछ कर कुछ दिनों के लिये प्रेमा को अपने साथ गाँव ले गई।

प्रेमा के गाँव चले जाने के बाद सुजान सिंह का जीवन और भी अस्त-व्यस्त और स्वच्छन्द हो गया। कभी-कभी वे ड्यूटी के बाद भी घर नहीं आते थे। किसी बासे में खा लेते और थाने में ही सो रहते थे। वे प्रेमा की ओर से भी कुछ निश्चिंत-से हो गये थे पर उनके मन में उसके ब्याह की चिन्ता प्रति क्षण लगी ही रहती थी।

और एक दिन गाँव से राधा ने अचानक सूचना भेजी कि वे तुरन्त ही आकर अपने प्रेमा की देखभाल स्वयं ही करें। इससे सुजान सिंह के मन की उद्विग्नता में उफान सा आ गया। ऐसी कौन सी बात हो गई जो उसे प्रेमा की देखभाल लकरनी पड़ेगी। कहीं प्रेमा बीमार तो......। उनका हृदय इस विचार से ही धक् से होकर काँप उठा। इस कल्पना से ही उनकी आँखों के सामने चित्र-सा खिंच गया कि प्रेमा खाट पर पड़ी है - शरीर क्षीण हो लगया है, आँखें धँस गई हैं। किन्तु सुजान सिंह ने धीरज का सहारा लिया और उसके मन में इसके विपरीत भाव लहराये कि ऐसा नहीं होगा। शायद कुछ और दूसरी ही बात हो।
सुजान सिंह किसी तरह से भी दो दिन की छुट्टी लेकर गाँव चले गये।

(तीन किश्तों में से प्रथम किश्त)

Monday, October 15, 2007

धान के देश में - 37

लेखक स्व. श्री हरिप्रसाद अवधिया
(छत्तीसगढ़ के जन-जीवन पर आधारित प्रथम आंचलिक उपन्यास)

- 37 -

उषा और श्यामवती को मिले छः महीने से अधिक हो गया। जब से जानकी के साथ श्यामवती सिकोला चली गई तब से वह एक बार भी खुड़मुड़ी नहीं आई। उषा भी ऐसी व्यस्त हुई कि कहीं आ-जा न सकी। श्यामवती इन दिनों अपने विचारों के अनुसार काम कर रही थी। उसने जानकी की सहायता से सिकोला में ऐसे काम किये जो इस भू भाग के लिये नये थे। उषा ने महेन्द्र को कई बार सिकोला चलने के लिये कहा पर उसका गर्व उसे हर बार रोकता रहा। अन्त में एक दिन उषा महेन्द्र पर विजय पा ही गई और दोनों सिकोला गये।
वहाँ उन दोनों ने प्रगति देखी। एक नया पर आधुनिक ढंग का मकान बना था जिसके चारों ओर कमर तक ऊँची दीवाल का हाता बना हुआ था। यह था श्यामवती के परिश्रम का परिणाम। हाते में एक ओर प्रवेश द्वार था। फाटक पर बड़े बड़े सुन्दर अक्षरों में लिखा था "वन्देमातरम्"। वहाँ पहुँचते ही उषा का मन शान्ति और उल्लास से भर गया। दोनों ने भीतर प्रवेश किया। मकान का बरामदा पार करने पर एक छोटा सा 'हॉल' जैसा कमरा था। उसके भीतर जाकर महेन्द्र और उषा ने देखा कि उसकी दीवालों पर देश के महान नेताओं के चित्र टंगे थे। उन दोनों को लगा कि स्वर्ग ही पृथ्वी पर उतर आया है। एक कोने में पाँच-सात छोटे बच्चे तकली कात रहे थे और दो औरतें चरखा चला रही थीं उन सबने दोनों का अभिवादन किया। उषा ने एक स्त्री से पूछा, "क्या यह सब श्यामवती ने किया है?"
"हाँ, यह सब उसी के विचारों और परिश्रम का नतीजा है। दिन-रात एक कर यह आश्रम चार महीने में बना और दो महीने से काम चल रहा है।" उस स्त्री ने उत्तर दिया।
"श्यामवती कहाँ है?" उषा का प्रश्न था।
"आपको बाहर ही हाते के भीतर मिल जायेंगी।" उषा और महेन्द्र बाहर आये। मकान की छत की ओर देखा। वहाँ तिरंगा लहरा रहा था। हाते में चारों और क्यारियाँ बनी थीं जिनमें फूलों से लदे पौधे थे। एक ओर एक छायादार पेड़ के नीचे एक काला तख्ता रखा था। सामने खुली हवा में दस-बारह बालक-बालिकायें बैठी थीं। श्यामवती उनको पढ़ा रही थी। उषा और महेन्द्र को देखकर उसने बच्चों को छुट्टी दे दी और उन दोनों का स्वागत किया। तीनों पास ही पड़ी हुई चटाई पर बैठ गये।
"वाह श्यामा! तुमने तो गजब कर दिया। लगता है कि इन्हीं कामों में लगे रहने के कारण तुम खुड़मुड़ी नहीं आई। मैं तो सिद्धान्त में ही उलझी रही पर तुम व्यहार के क्षेत्र में उतर आई।" उषा ने मुस्कुरा कर कहा।
"उषा, यह ऐसा क्षेत्र है जहाँ काम करने में बड़ी कठिनाई हुई पर जानकी भाभी हमेशा मेरा उत्साह बढ़ाती रहीं।" कह कर श्यामा महेन्द्र से बोली, "आप अपना और अपने स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रखते क्या?"
"मुझे क्या हुआ है। ठीक ही तो हूँ।" महेन्द्र ने क्षीण और सूखा-सा उत्तर दिया।
उषा और श्यामवती बातों में व्यस्त हो गईं। महेन्द्र वहाँ से उठ कर आश्रम की एक एक चीज का निरीक्षण करने लग गया। महेन्द्र के जाते ही उषा बोली, "श्यामा, मैं आज तुमसे साफ साफ एक बात करने आई हूँ।"
"कहो ना क्या कहना चाहती हो।" आत्मीयता के स्वर में श्यामवती बोली।
"तुम महेन्द्र से ब्याह कर लो। यही मेरा तुमसे अनुरोध है। इसके लिये सुमित्रा माता को मैं राजी कर लूँगी।" उषा ने अपने स्पष्टवादी स्वभाव के अनुसार कहा।
"महेन्द्र से तुम क्यों ब्याह नहीं कर लेती।" शान्त और संयत स्वर में श्यामवती बोली। यह कुछ दिनों से उसके मन में उठने वाला विचार था जो शब्द बनकर प्रकट हुआ।
सुनकर उषा एकदम चौंक गई। उसने कल्पना तक नहीं की थी कि उसके सामने ऐसा प्रसंग आ सकता है। उसका अचेतन मस्तिष्क व्यग्र हो उठा और वह सोचने लगी कि वह रायपुर में रुकी ही क्यों - क्रान्तिकारी दल में सम्मिलित होने वाले का विचार क्या इतना दुर्बल होता है? फिर वह खुड़मुड़ी आ कर महेन्द्र के अत्यन्त समीप रहती हुई क्यों अपना जीवन बिता रही है। क्या वह स्वयं महेन्द्र से प्यार नहीं करती? अवश्य ही करती है और अपने उसी प्रेम में त्याग का संचार करने के लिये ही तो वह श्यामा को महेन्द्र से ब्याह कर लेने का अनुरोध कर रही है। इन बातों के मस्तिष्क के अचेतन भाग में उभर जाने से उषा तिलमिला उठी। उसे ऐसा लगा कि उसका गला सूख रहा है। हाथ-पैर में कम्पन उत्पन्न हो गया। शरीर में सनसनी दौड़ने लगा। श्यामवती उषा के भावों का अध्ययन कर रही थी। बोली, "देखो बहन, तुम आज जो कुछ सोच रही हो, मैं उस परिणाम पर बहुत पहले ही पहुँच चुकी थी। मैं जानती हूँ कि तुम्हें महेन्द्र से प्रेम हो गया है। तुम यहाँ रुक जाने के लिये भी उसी कारण से तैयार हो गई। तुम उनके जैसी ही कुलीन घराने की भी हो और सुमित्रा माता तुम्हें स्वीकार भी कर लेंगी। मेरा और महेन्द्र का विवाह इस जन्म में कदापि सम्भव नहीं है। मेरा शेष जीवन तो अब अपने क्षेत्र की सेवा में ही बीतेगा। मेरी बात मान कर तुम उनसे ब्याह कर लोगी तो यह मेरे ऊपर भी तुम्हारा एक महान उपकार होगा क्योंकि मैं नहीं चाहती कि महेन्द्र का पूरा जीवन ऐसे ही नीरस बीते।"
श्यामा की बात सुनकर उषा गम्भीर होकर सोचने लगी। इसी समय महेन्द्र भी वहाँ आ कर बैठ गया। आज पहली बार ही उषा को महेन्द्र के सामने लज्जा का अनुभव हुआ। उसने चुपचाप कनखियों से महेन्द्र की ओर देखा। उसकी दृष्टि नई थी और महेन्द्र का रूप भी उसके लिये नया था। किन्तु ज्योंही महेन्द्र की निगाह उस पर पड़ी वह दूसरी ओर देखने लगी और पैर के नाखून से नाखून कुरेदने लगी। महेन्द्र को भी बड़ा अटपटा-सा लग रहा था। तभी श्यामा महेन्द्र से बोली, "महेन्द्र, तुम मुझसे प्यार करते हो तो मेरी कामना तुम्हें पूरी करनी होगी। तुम्हें उषा से ब्याह करना होगा क्या तुम मेरी इतनी सी इच्छा को भी पूरी नहीं करोगे? विशाल दृष्टि से देखो तो उषा को पाकर तुम मुझे ही पावोगे। प्रेम इतना संकुचित नहीं होता कि स्वार्थ को आश्रय दे। जब हम तीनों एक दूसरे को सुखी करने के लिये प्रयत्न कर रहे हैं तो हममें भेद ही कहाँ रह गया है। हमारा प्रेम संकुचित हो कर व्यक्तिगत स्वार्थ तक ही सीमित न रह कर एक दूसरे पर छलकता रहे, यही मेरी कामना है।" तीनों ने एक दूसरे की ओर देखा और उनकी आँखें छलछला आईं।
अगले महीने उषा और महेन्द्र का ब्याह हो गया।
(उपन्यास समाप्त)

Sunday, October 14, 2007

धान के देश में - 36

लेखक स्व. श्री हरिप्रसाद अवधिया
(छत्तीसगढ़ के जन-जीवन पर आधारित प्रथम आंचलिक उपन्यास)

- 36 -

उषा बम्बई नहीं गई। महेन्द्र के अनुरोध पर वह सबके साथ खुड़मुड़ी चली आई। वहाँ का नैसर्गिक दृश्य उसे बहुत ही पसन्द आया। उषा के कारण श्यामवती को भी खुड़मुड़ी में ही रुक जाना पड़ा। उषा ने उन लोगों को और भी बताया कि वह घरेलू जीवन से ऊब कर बम्बई जा रही थी। वहाँ से वह किसी क्रान्तिकारी दल में शामिल होने वाली थी। ऐसा करने से उसे देश-सेवा का अवसर मिलेगा और पकड़ी गई तो फाँसी के तख्ते पर लटका दी जावेगी या पिस्तौल से उड़ा दी जावेगी। इससे उसके जीवन का अन्त तो हो सकेगा जिससे वह ऊब चुकी थी। और जीवन का वह अन्त भव्य और गौरवपूर्ण भी तो होगा। किन्तु रायपुर में अचानक ही महेन्द्र के मिल जाने और बम्बई न जाकर वहीं रह जाने का श्यामवती के द्वारा आग्रह करने पर उषा को एक बहुत बड़ा सहारा मिल गया था। उसके हृदय में एक लालसा और भी प्रबल हो रही थी कि वह श्यामवती को किसी प्रकार से महेन्द्र का साथ ब्याह करने के लिये राजी कर ले जिससे महेन्द्र का जीवन तो सुखी हो जावे।
सुबह का समय था। श्यामवती और उषा खुड़मुड़ी के तालाब में नहा रही थीं। वहाँ से रास्ते का बहुत दूर तक का भाग स्पष्ट दिखाई दे रहा था। उस पर इक्की-दुक्की बैलगाड़ियाँ चल रही थीं जिससे कुछ देर के लिये धूल उड़ कर शान्त हो जाती थी। रास्ते के दोनों ओर धान के इस देश में धान के पौधे लहरा रहे थे। तालाब के किनारे के पेड़ों पर पक्षी कलरव कर रहे थे। आकाश एकदम स्वच्छ और नीला था। सूर्य चमचमा रहा था। स्नान कर किनारे खड़ी श्यामवती सड़क की ओर दूर तक आँखें लगाये देख रही थी। उसने दूर पर किसी को सायकल से आते देखा। सायकल कुछ नजदीक आने पर यह देख कर वह अचरज में डूब गई कि कोई स्त्री सायकल चलाती आ रही है। उसने उषा को भी दिखाया। जब सायकल इतनी दूर रह गई कि सायकल चलाने वाली पहचानी जा सके तब उन दोनों ने देखा कि वह जानकी थी। तालाब के पास आ कर और उषा तथा श्यामा को देख कर जानकी सायकल से उतर गई।
श्यामवती ने पूछा, "भाभी, क्या बात है? अकेली आई हो। भैया नहीं आये?"
"कोई विशेष बात नहीं है। चन्दखुरी में सब कुशल है। मैं सिकोला जा रही हूँ तुम भी तो जल्दी ही आवोगी न?" जानकी ने कहा।
"आउँगी क्या - मैं तुम्हारे साथ ही चल रही हूँ लेकिन यह तो बताओ कि तुमने सायकल चलाना कब सीख लिया?" श्यामा बोली।
जानकी हँस दी और बोली, "यह तो मैंने आसाम में छुटपन में ही सीख लिया था।"
"मैं भी तुम लोगों के साथ चलूँगी।" उषा ने कहा
"नहीं, अभी तुम्हें यहीं रहना होगा। तुम उनकी मेहमान पहले हो, फिर हमारी।" श्यामवती ने उषा को रोकने की नीयत से कहा।
"लेकिन महेन्द्र बाबू को अपने जाने की सूचना तो दे दो।"
"उन्हें तुम बता देना।" कह कर श्यामा जानकी के साथ सिकोला रवाना हो गई। बात यह थी कि श्यामवती स्वयं ही खुड़मुड़ी से जाना चाहती थी पर उषा ने उसे रोक रखा था। इसलिये इस सुनहरे अवसर का लाभ उसने उठा लिया। सिकोला में पहुँच कर भोजन कर लेने के बाद जानकी ने श्यामवती के हाथ में एक अखबार देकर कहा, "मेरे यहाँ आने का कारण यह है।" श्यामवती ने उसे पढ़ा। एक स्थान पर छपा था कि 'टाटानगर में एक मजदूर को भट्ठी में झोंक कर उसकी हत्या कर देने वाला भोला नामक व्यक्ति मुगलसराय में उस समय पकड़ा गया जब वह एक स्त्री के गहने चुरा कर भाग रहा था। उसे हत्या के आरोप में काले पानी की सजा हो गई। वह अण्डमान भेज दिया गया।' श्यामवती कुछ देर तक हाथ में अखबार लिये बैठी रही। उसके हृदय में न उथल-पुथल ही मची और न उद्विग्नता ही हुई। भोला के साथ बीती हुई घड़ियाँ अवश्य ही एक बार याद आ गईं। यह सूचना दुर्गाप्रसाद को तुरन्त दे दी गई। उसे मार्मिक आघात पहुँचा - आखिर वह भोला का पिता था और भोला उसके हृदय का टुकड़ा। राजो को लगा कि जिस बन्धन से उसने श्यामवती को बाँध कर उसने उसके जीवन में घोर अन्धकार भर दिया था वह बन्धन टूटा तो नहीं पर उसकी कड़ियाँ एकदम खोखली पड़ गई हैं।
इधर उषा ने जब महेन्द्र को बताया कि श्यामा सिकोला चली गई तब वह झुँझला उठा और बोला, "जाने दो। उस पर मेरा क्या वश है। लेकिन मुझे बता कर तो जाना था। पर वह ऐसा करती ही क्यों। उसे तो बड़ा अभिमान हो गया है।"
नहीं महेन्द्र, ऐसी बात नहीं है।" उषा बोली।
"तो फिर कैसी बात है?" महेन्द्र ने व्यंग से कहा।
"आप श्यामवती को नहीं समझ सके हैं।" उषा के स्वर में गम्भीरता थी।
"हो सकता है। पर तुम स्त्रियों को तो तुम्हें बनाने वाला भगवान भी नहीं समझ सका है।" महेन्द्र के इस वाक्-बाण से उषा तिलमिला उठी पर हँसती हुई बोली, "यही तो हम स्त्रियों की सबसे बड़ी विजय है।"
उषा महेन्द्र के निजी पुस्तकालय में अध्ययन करती और कुछ समय नित्यप्रति सुमित्रा के साथ भी अवश्य ही बिताती थी। उषा का साथ पाकर सुमित्रा का मन बहल जाता था पर उसे चिन्ता थी कि महेन्द्र का ब्याह हो जावे और उषा चाहती थी कि महेन्द्र किसी प्रकार से सुखी रह सके।
(क्रमशः)

Saturday, October 13, 2007

धान के देश में - 35

लेखक स्व. श्री हरिप्रसाद अवधिया
(छत्तीसगढ़ के जन-जीवन पर आधारित प्रथम आंचलिक उपन्यास)

- 35 -

भाषण सुन कर लौटने के बाद जानकी और सदाराम चन्दखुरी चले गये और उषा, श्यामवती, राजो - महेन्द्र के साथ उसके घर ठहरे। रात के आठ बजे होंगे। उषा, श्यामा और महेन्द्र बरामदे में बैठे बातें कर रहे थे। उनके मनोभाव भी काम कर रहे थे। महेन्द्र जानना चाहता था कि उषा बम्बई क्यों जाना चाहती है। श्यामवती सोच रही थी कि उषा और महेन्द्र के आपसी भाव क्या हैं। उषा इस तथ्य का अनुसंधान लगाने में खोई थी कि जिस श्यामवती को ढूँढने में महेन्द्र ने दिन-रात एक कर दिया था उसके मिल जाने के बाद अब क्या दशा है। उस समय आज जैसी बिजली की रोशनी की किसी ने रायपुर में होने की कल्पना तक नहीं की थी। बड़ा-सा लैम्प टेबल पर रखा हुआ जल रहा था - मानो तीनों के विदग्ध हृदय का मूर्तिमान भाव हो। बातें कई विषयों को लेकर हो रही थीं। अचानक ही प्रसंग बदलते हुये उषा ने पूछा, "महेन्द्र बाबू, श्यामवती आपको कहाँ मिली?"
"मिली कहाँ! यह तो आप ही चली आई।"
"बाहर इनको बहुत कष्ट मिला होगा?"
"तुम्हारा कहना गलत नहीं है उषा। इसका जीवन सुख-दुःख का प्रत्यक्ष स्वरूप ही है।" महेन्द्र बोला।
"तब तो श्यामवती," श्यामा की ओर रुख करके उषा ने कहा, "मैं तुम्हारे जीवन के बारे में अवश्य ही सुनूँगी और वह भी तुम्हारे मुँह से।"
श्यामवती ने अपने विषय में सब कुछ बता दिया पर अपने और महेन्द्र के प्रेम को छिपा गई। श्यामा के जीवन की विडम्बनाओं को सुन कर उषा की आँखें सजल हो गईं। महेन्द्र ने वार्ता-क्रम जारी रखते हुये कहा, "विवाह केवल अभिशाप है। आजन्म अविवाहित रह जाना अच्छा है।"
उषा बोली, "महेन्द्र बाबू, आप ठीक कह रहे हैं। मैं भी इस सिद्धान्त को मानती हूँ।"
"और इससे चाहे किसी को कितना ही दुःख क्यों न मिले।" श्यामवती ने विवाद में भाग लिया।
"किसको कष्ट और किसको दुःख?" महेन्द्र ने पूछा।
"तुम्हारी माता सुमित्रा को और किसको।" श्यामवती का यह उत्तर सुन कर महेन्द्र का सारा उत्साह ठण्डा पड़ गया। उसके चेहरे पर विषाद की स्पष्ट रेखा खिंच गई जो उषा की दृष्टि से छिप न सकी।
"यह माता जी की भूल है जो मेरे ब्याह न करने से दुःखी हो रही हैं।" महेन्द्र ने दुःखी मन से कहा।
"सुना उषा बहन तुमने। ये और भी कहेंगे कि पढ़े-लिखे बेटे से सुख की आशा करना, घर में बहू आये जिससे सुख मिले और वंश को पानी देने वाले हों ऐसा सोचना भी माता जी की भूल ही होगी। उनकी हर बात भूल और इनकी हर बात अच्छी है। पढ़-लिख कर इनको कितनी अच्छी बुद्धि मिली है।" श्यामवती ने महेन्द्र को आड़े हाथों लिया। उसकी महेन्द्र के प्रति अधिकार भरी झिड़की सुनने में उषा को बड़ा आनन्द आ रहा था। वह बोली, "श्यामवती, तुम कुछ भी कहो पर हम तो महेन्द्र बाबू का ही साथ देंगे क्योंकि हम दोनों का विवाह न करने का सिद्धान्त है। अच्छा पुनर्विवाह पर तुम्हारा क्या मत है महेन्द्र?"
"इसी से पूछो।" कह कर महेन्द्र ने श्यामवती की ओर इशारा किया। उषा भी बोली, "हाँ, तुम्हीं बताओ श्यामा।"
थोड़ी देर सोच कर श्यामवती बोली, "यदि समाज को लाभ पहुँचे तो स्त्री-पुरुष दोनों के लिये ही पुनर्विवाह अनुचित नहीं है।"
"तो तुम फिर से विवाह क्यों नहीं कर लेती।" महेन्द्र ने श्यामा से पूछा।
"किससे?" महेन्द्र का मन टटोलने के लिये श्यामवती ने पूछा। इस प्रश्न ने महेन्द्र को मौन कर दिया।
"महेन्द्र बाबू से, और किस से।" उषा ने ठीक समय पर न चूकने वाला तीर चलाया।
"नहीं, ऐसा नहीं होगा उषा।" श्यामवती ने कहा।
"क्यों?" उषा का प्रश्न था।
"तुम नहीं जानती उषा। इसमें बड़ी अड़चनें हैं।" श्यामा निःश्वास छोड़ती हुई बोली। महेन्द्र चाहता था कि ये बातें अब और न हों और न दिलों को ठेस पहुँचे। उसने प्रसंग बदलते हुये कहा, "हां उषा, तुम बम्बई क्यों जा रही हो?"
"फिलहाल समझ लीजिये कि देश सेवा के लिये। पर मैं देखती हूँ कि यह काम हर जगह किया जा सकता है।" उषा के उत्तर ने श्यामवती में नई स्फूर्ति भर दी और वह बोली, "देश सेवा करना तो हर एक का धर्म है।"
"तुम ठीक कहती हो पर सबसे पहले देश से विदेशी सत्ता का नाश करना आवश्यक है।" उषा ने अपना विचार व्यक्त किया।
"पर इसके लिये संगठन और एकता की आवश्यकता है जो गांधी जी की अहिंसा की नीति से बनती जा रही है।" श्यामवती बोली।
"मैं ऐसा नहीं समझती। विदेशियों का सफाया हम हिंसा से भी तो कर सकते हैं।" उषा ने कहा।
"यह तुम्हारी भूल है। तुम्हारा इशारा शायद क्रान्तिकारी दल की ओर है।" श्यामवती ने स्पष्ट किया और कहती गई, "किन्तु हिंसात्मक क्रान्ति से अधिक से अधिक बलि देकर भी वह शक्ति प्राप्त नहीं होगी जो सुधार, जागृति और संगठन से मिल सकती है।" महेन्द्र को दोनों के बहस में आनन्द आ रहा था। उषा बोली, "आज भाषण सुन कर मेरे विचारों में भी अवश्य ही परिवर्तन हुआ है। मैं भी अब शान्ति और अहिंसा से कुछ करना चाहती हूँ।"
"तुम यहीं क्यों नहीं रह जातीं। देखेंगे कि हम सब मिल कर कुछ कर सकते हैं या नहीं।" श्यामा ने उषा के अपना प्रस्ताव रखा।
बात ऐसी थी जिसकी उषा ने कल्पना तक नहीं की थी। बोली, "विचार कर के बताउँगी।"
इसके बाद वे तीनो विश्राम करने अपने-अपने कमरे में चले गये।
(क्रमशः)

Friday, October 12, 2007

धान के देश में - 34

लेखक स्व. श्री हरिप्रसाद अवधिया
(छत्तीसगढ़ के जन-जीवन पर आधारित प्रथम आंचलिक उपन्यास)

- 34 -

जिन दिनों यह सब हो रहा था उन्हीं दिनों देश में स्वतन्त्रता संग्राम की बागडोर महात्मा गांधी के हाथ में थी। देश में नरम दल, स्वराज्य पार्टी, क्रान्तिकारी दल सभी अपना अपना काम कर रहे थे। एक ओर गांधी जी शान्ति, अहिंसा और असहयोग से राष्ट्र में जागृति ला रहे थे तो दूसरी ओर क्रान्तिकारी वीर विदेशी सत्ता को लोहे के चने चबवा रहे थे। सरदार भगतसिंह, बटुकेश्वर दत्त, चन्द्रशेखर आजाद क्रान्तिवीर दल के अन्तर्गत देश की आजादी के लिये प्राणोत्सर्ग करने के लिये प्रति क्षण कटिबद्ध थे। छत्तीसगढ़ भी स्वतन्त्रता-संग्राम में कभी भी पीछे नहीं रहा। भारत का यह अंचल सुसंगठित रूप से स्वतन्त्रता संग्राम के आन्दोलन में अपने समान स्वयं ही रहा। रायपुर राजनीति का प्रमुख केन्द्र हुआ। अपने पहले ही आन्दोलन के समय मौलाना शौकत अली के साथ महात्मा गांधी रायपुर आने वाले थे। इसी से रायपुर की राजनीतिक महत्ता और छत्तीसगढ़ द्वारा स्वराज्य-संग्राम में अधिकाधिक सहयोग देने की बात पुष्ट हो जाती है।
स्वतन्त्रता संग्राम की लहरें चारों ओर उठ रही थीं। रायपुर से गाँव गाँव में जागृति के सन्देश फैलाये जा रहे थे। प्रभात फेरियाँ निकाली जाती थीं। रायपुर नगर का वायुमण्डल "दक्षिण कौशल के वीरों, आज तुम्हारा अवसर है" और "रणभेरी बज चुकी वीर, पहनो केसरिया बाना" के ओजस्वी स्वर से गूंज रहा था। इस क्षेत्र के नेताओं में पण्डित रविशंकर शुक्ल, ठाकुर प्यारेलाल सिंह, मौलाना अब्दुल रऊफ़, महन्त लक्ष्मी नारायण दास, वामन बलीराम लाखे, माधवराव सप्रे, रामदयाल तिवारी, सुन्दरलाल शर्मा प्रमुख थे। म्युनिसिपैलिटी और डिस्ट्रिक्ट काउंसिल जैसी स्वराज्य संस्थाओं पर इन राजनीतिक कार्यकर्ताओं का पूर्ण रूप से अधिकार था। माधवराव सप्रे और पण्डित रामदयाल तिवारी अपने साहित्य की अदम्य शक्ति से जन जागरण का स्तुत्य और अमोघ कार्य कर रहे थे। सप्रे जी के द्वारा लोकमान्य तिलक का अनूदित "गीता रहस्य" और रामदयाल तिवारी का मौलिक ग्रन्थ "गांधी मीमांसा" जन-जागृति का माध्यम बने हुये थे। सब ओर गांधी जी के आगमन पर स्वागत की तैयारियाँ हो रहीं थीं। गाँव गाँव से उनके दर्शन के लिये लोग आ रहे थे। सिकोला से राजो और श्यामवती, खुड़मुड़ी से सुमित्रा और महेन्द्र और चन्दखुरी से जानकी और सदाराम भी रायपुर आये हुये थे।
गांधी जी के दर्शन के लिये प्लेटफॉर्म पर अपार भीड़ थी। वहाँ श्यामवती, जानकी, सदाराम और महेन्द्र भी थे। अभी उस गाड़ी के आने में देर थी जिससे गांधी जी आने वाले थे। उसके पहले एक पैसेंजर गाड़ी आई। गाड़ी के रुकते ही लोगों की नजर स्वाभाविकतः मुसाफिरों की ओर गई। महेन्द्र की नजर एक डब्बे के दरवाजे पर खड़ी बाहर देखती हुई एक युवती पर पड़ी और अनायास ही उसके मुँह से जोर से निकल गया, "उषा तुम!"
वह उषा ही थी। उसने भी तुरन्त ही महेन्द्र को पहचान लिया और बोली, "महेन्द्र बाबू, आप इधर रहते हैं क्या?"
"हाँ, इसी शहर में मेरा घर है। तुम कहाँ जा रही हो?" महेन्द्र ने पूछा।
"बम्बई" उषा का उत्तर था।
"वहाँ कोई खास काम है क्या?"
"है भी और नहीं भी।"
महेन्द्र ने न जाने किस प्रेरणा से कहा, "यदि तुम्हारे काम में कोई अड़चन न हो तो यहाँ उतर जावो और कुछ दिन हमारे घर रह कर फिर चली जाना। आज महात्मा गांधी भी आ रहे हैं, उनके भी दर्शन कर लेना।" गांधी जी को देखने और उनके भाषण सुन कर उनके विचारों को समझने की जिज्ञासा और उत्कण्ठा ने उषा के मन में रुक जाने की प्रबल लालसा उत्पन्न कर दी। उसने महेन्द्र को अपनी स्वीकृति दे दी और अपना थोड़ा-सा सामान डब्बे से उतार कर महेन्द्र के पास आ गई। वह समय न तो अधिक बात करने का था और न बढ़ा-चढ़ा कर परिचय देने का। महेन्द्र ने बहुत ही थोड़े में उषा को सबका और सबको उषा का परिचय दिया। उषा समझ गई कि यह वही श्यामवती है जिसे महेन्द्र चाहता है और श्यामा भी जान गई कि यह वही उषा है जिसने कलकत्ते में महेन्द्र की सेवा की थी। श्यामवती के मन में ईर्ष्या की एक हल्की-सी रेखा खिंच गई पर उसने अपना भाव प्रकट नहीं होने दिया। उसने देखा कि उषा, उषा के समान ही लावण्यमयी है। उसका मुख प्रातःकमल की तरह सुन्दर और गोल था। कोमलता मानो शरीर धारण करके आई थी। आँखों में अपूर्व सुन्दरता और आकर्षण था। वह उषा और महेन्द्र की गतिविधि को आलोचना की दृष्टि से देख रही थी। थोड़ी ही देर में कोलाहल मच गया। "महात्मा गांधी की जय" के नारों से वायुमण्डल गूंज उठा। जिस गाड़ी से महात्मा गांधी और शौकत अली आने वाले थे वह प्लेटफॉर्म पर आ चुकी थी। नेताओं और जनता ने गांधी जी को फूल-मालाओं से लाद दिया। वे हाथ जोड़े हुये स्वागत का उत्तर-सा दे रहे थे। गांधी जी के इस भव्य स्वागत का उषा पर बड़ा प्रभाव पड़ा।
स्टेशन से जुलूस निकला जो रास्ते में बने हुये स्वागत-द्वारों और तोरण-पताकाओं के बीच में से होकर नगर कोतवाली के पास वाले मैदान में सभा के रूप में परिणित हो गया। महात्मा गांधी के प्रथम आगमन की स्मृति में कोतवाली के पास वाले उस मैदान का नाम "गांधी चौक" रख दया गया। सन्ध्या समय "आनन्द समाज लायब्रेरी" में गांधी के भाषण का आयोजन किया गया। महेन्द्र, सदाराम, उषा, जानकी और श्यामवती भी भाषण सुनने गये। पहले कुछ स्थानीय नेताओं के भाषण हुये। पण्डित रामदयाल तिवारी चार से छः घण्टे तक लगातार धारावाहिक रूप से भाषण दे सकने की क्षमता रखते थे। वे लगभग दो घण्टे तक बोलते रहे। उन्होंने इतने सुंदर ढंग से गांधी जी के असहयोग आन्दोलन के विषय में समझाया कि लोगों के मन में एकता, दृढ़ता, शान्ति और अहिंसा की हिलोरें सदा के लिये उठीं और स्वतन्त्रता-संग्राम के लिये स्वयंसेवकी की अपार सेना तैयार करने के लिये इस भू-भाग पर नींव खुद गई। गांधी जी के भाषण ने उस नींव पर शिला रख दी जिस पर ऐसा महल बना जिसकी शीतल छाया में, आगे चल कर, अपने नेता पण्डित रविशंकर शुक्ल को स्वाधीन भारत के पुराने और नये मध्यप्रदेश के मुख्य मंत्री के रूप में पा कर रायपुर ने अपने भाग्य पर गर्व किया।
(क्रमशः)