Showing posts with label गीता. Show all posts
Showing posts with label गीता. Show all posts

Saturday, May 7, 2011

यह पोस्ट मैं लिख रहा हूँ मन के अधीन होकर किन्तु मन पर नियन्त्रण रखने के लिए

अजित गुप्ता जी के पोस्ट मन से पंगा कैसे लूँ, यह अपनी ही चलाता है पढ़कर इच्छा हुई कि इस विषय पर मैं भी एक पोस्ट लिखूँ, वो कहते हैं ना "खरबूजे को देखकर खरबूजा रंग बदलता है"। हाँ तो मेरी भी इच्छा होने लगी इस विषय पर पोस्ट लिखने की और मैं यह अच्छी प्रकार से समझता हूँ कि यह "इच्छा होना" भी मन का ही एक खेल है, मैं अपने मन के अधीन होकर ही यह पोस्ट लिख रहा हूँ।

यह मन मुझे ही नहीं हर किसी को अपने अधीन बनाना चाहता है, बड़े-बड़े दिग्गज इस मन के अधीन रहे हैं। यह ययाति का मन ही था जिसने उसे अपने पुत्र को अपनी वृद्धावस्था देकर उसके यौवन को स्वयं लेने के लिए विवश किया, यह विश्वामित्र का मन ही था जिसने उसे वसिष्ठ के कामधेनु को शक्तिपूर्वक ले लेन के लिए प्रयास करने के लिए विवश किया, यह युधिष्ठिर का मन ही था जिसने द्यूत में द्रौपदी तक को दाँव में लगाने के लिए विवश किया।

मन ने सदैव ही मनुष्य को कमजोर बनाया है। मन के कारण ही मनुष्य अपने कर्तव्य से विमुख होता है। इसी मन ने अर्जुन को कमजोर बनाकर गांडीव को भूमि पर रख देने और अपने कर्तव्य से विमुख होने के लिए विवश कर दिया था।

अर्जुन को तो विषम स्थिति से उबारने के लिए तो श्री कृष्ण थे किन्तु हम जैसे अकिंचन जन को उबारने के लिए कौन है?

यद्यपि आज हमें उबारने के लिए कृष्ण नहीं हैं किन्तु गीता के रूप में उनकी वाणी अवश्य हमारे पास उपलब्ध है। मन को नियन्त्रित करने के लिए गीता का अध्ययन बहुत ही प्रभावशाली है। मैं तो सभी लोगों से इतना ही कहूँगा कि यदि वे गीता का अध्ययन करें तो अवश्य ही अपने मन को नियन्त्रण में रखने में सक्षम होंगे। यदि आप संस्कृत नहीं समझ सकते तो गीता के हिन्दी टीका को ही पढ़ जाएँ, आपको अवश्य ही लाभ होगा।

Friday, August 14, 2009

कृष्ण एक असाधारण पुरुष

चाहे कोई कृष्ण को अवतार माने या केवल एक ऐतिहासिक पात्र माने पर यह तो मानना ही पड़ेगा कि वे एक असाधारण पुरुष थे। यही कारण है कि पौराणिक कथाओं से लेकर मध्यकालीन कवियों कि रचनाओं तक में वे एक प्रमुख पात्र रहे हैं। उनका व्यक्तित्व इतना असाधारण था कि न केवल हिन्दू बल्कि अन्य धर्मावलम्बियों में भी कृष्ण के भक्त पाये जाते हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भी श्री कृष्ण का विशेष व्यक्तित्व रहा है और इसीलिये भगवान विष्णु के दस अवतारों में से सिर्फ कृष्णावतार को ही पूर्णावतार माना गया है क्योंकि सभी दस अवतारों में सिर्फ श्री कृष्ण ही सोलह कलाओं से परिपूर्ण थे जो कि उन्हें पूर्णत्व प्रदान करता है।

गीता में श्री कृष्ण ने 'कर्म करो और फल की चिंता मत करो' कह कर बहुत ही सरल शब्दों में समस्त मानव जाति को जीवन के गूढ़ रहस्य से परिचय करवा दिया है। वास्तव में उनका यह संदेश किसी जाति, सम्प्रदाय या धर्मविशेष के लिये न होकर समस्त मानव जाति के लिये है।

कृष्ण जैसा अद्भुत तथा महान चरित्र न तो उनके जन्म के पहले ही कभी देखने में आया और न ही बाद में कभी आयेगा। यह चरित्र तो भूतो न भविष्यति बन कर रह गया है। इसी कारण से समस्त विश्व में कृष्ण के अनुयायी पाये जाते हैं।

आपको यह लेख भी अवश्य ही पसंद आयेगा - कृष्ण और राम – असमानता में समानता