Showing posts with label झूठ. Show all posts
Showing posts with label झूठ. Show all posts

Tuesday, August 17, 2010

अमूमन हम सभी झूठ बोलते हैं।

हमारे मोबाइल की घंटी बजी। अरे यह तो गुप्ता जी की काल है। तीन माह पहले हमने तीन दिनों के भीतर वापस करने का वादा करके जो उनसे पाँच सौ रुपये उधार लिए थे, जरूर उसी के लिये फोन किया होगा। हमने लड़के को मोबाइल देते हुए उससे कहा, "बेटे, गुप्ता अंकल को कह दो कि पापा घर में नहीं हैं।"

जी हाँ, अमूमन हम सभी झूठ बोलते हैं। कोई कर्ज के तगादे से बचने के लिए झूठ बोलता है, कोई अपने बॉस या अधिकारी से अपनी गलती छिपाने के लिए झूठ बोलता है तो कोई महबूबा की नजरों में चढ़ने के लिए झूठ बोलता है। फिल्म "जॉनी मेरा नाम" का एक संवाद याद आ रहा है जिसमें देवानंद ने ऐसा ही एक झूठ बोला थाः

"..... लेकिन जब दरवाजा खुला तो मैं दंग रह गया। दो हसीन आँखें मुझे देख रही थीं और दिल धड़क-धड़क कर कह रहा था कि जॉनी बेटे तरी मंजिल यही पर है, लेकिन याद रख कि अगर इन्हे मालूम हो गया कि तू चोर है, उचक्का है, छोटी छोटी चोरयों के इल्जाम में जेल जा चुका है और हाल ही में जेल तोड़कर आया है तो इन आँखों मे तेरे लिए सिवाय नफरत के कुछ भी ना होगा .... बस फिर क्या था बात बात में मुँह से झूठ निकलने लगा..."

कभी परिस्थितियाँ हमें विवश करती हैं झूठ बोलने के लिये तो कभी हमारे ही बनाये नियम-कायदे हम से झूठ बोलवाते हैं।

हमारे जीवन में ऐसी अनेकों परिस्थितियाँ आती हैं कि झूठ बोलना हमारे लिये मज़बूरी हो जाती है। अब जरा सोचिये कि आप अपनी प्रेमिका (यदि आप महिला हैं तो प्रेमी समझ लें) से छुप कर मिलने जा रहे हैं। इस बीच रास्ते में यदि कोई परिचित मिल जाये और पूछे कि कहाँ जा रहे हो तो क्या करेंगे आप? झूठ ही तो बोलेंगे न?

नियम-कानून का तो कहना ही क्या। ये तो हमसे सबसे ज्यादा झूठ बोलवाते हैं। छुट्टी के लिये आवेदन पत्र में आप कारण 'परिवार के साथ सिनेमा जाना है' तो नहीं लिख सकते न? 'तबियत खराब है' जैसा कोई झूठा कारण ही लिखना पड़ेगा। हम एक ऐसे सज्जन को जानते हैं जिन्होंने छुट्टियाँ लेने के लिये अपने ससुराल पक्ष के अनेकों रिश्तेदारों को मार डाला है। जबकि जानने वाले जानते हैं कि अभी तक उनकी शादी ही नहीं हुई है। पता नहीं जब उनकी शादी होगी तो फिर क्या झूठ बोलकर छुट्टी लेंगे?

कुछ लोगों को दूसरों की परेशानी देख कर मजा आता है। ऐसे लोग दूसरों से इसलिये झूठ बोल देते हैं ताकि वे परेशान हो जायें और उनकी परेशानी का आनन्द उठाया जा सके।

हमारे परिचितों में एक सज्जन तो ऐसे हैं जो सिर्फ झूठ ही बोलते हैं। लगता है कि कभी भूल से वे सच बोल देंगे तो उनका खाना ही हजम नहीं होगा या फिर डॉक्टर ने उन्हें सच बोलने से मना किया हुआ है।

इस झूठ ने तो धर्मराज युधिष्ठिर को भी नहीं छोड़ा था। उन्हें 'अश्वत्थामा हतो' कहना ही पड़ा था। यह बात अलग है कि बाद में 'नरो वा कुंजरो' कह कर उन्होंने अपने झूठ की लीपा-पोती कर दी थी।

झूठ का एक और रूप भी होता है - बात को इस प्रकार से गोल-गोल कहना कि उसका स्पष्ट अर्थ ही न निकले। झूठ के इस रूप का प्रयोग व्यापक तौर से होता है। और भला क्यों न हो। जब देवर्षि नारद जी ने विश्वमोहिनी से ब्याह करने की कामना से भगवान विष्णु से उनका रूप माँगा था तो विष्णु जी ने भी तो झूठ के इसी रूप का प्रयोग किया था -

"कुपथ माग रुज ब्याकुल रोगी। बैद न देइ सुनहु मुनि जोगी॥
एहि बिधि हित तुम्हार मैं ठयऊ। कहि अस अंतरहित प्रभु भयऊ॥"


उपरोक्त सभी झूठों के अलावा एक झूठ और भी होता है - वह है किसी के कल्याण के लिये झूठ बोलना और इस प्रकार के झूठ को पावन झूठ की संज्ञा दी जा सकती है।

Friday, July 2, 2010

सच बोलूँगा तो माँ मारेगी और झूठ बोलूँगा तो बाप कुत्ता खायेगा

एक फिल्म आई थी "साधू और शैतान" और उस फिल्म के कामेडियन हीरो नायक ने उसमें एक डॉयलाग बोला था "सच बोलूँगा तो माँ मारेगी और झूठ बोलूँगा तो बाप कुत्ता खायेगा"।

मेरे साथ गाहे-बगाहे ऐसी परिस्थितियाँ आती रहती हैं कि 'सच बोलूँगा तो माँ मारेगी और झूठ बोलूँगा तो बाप कुत्ता खायेगा'। स्वैच्छिक सेवानिवृति के बाद इंटरनेट में झक मारते रहता हूँ ताकि कुछ कमाई हो जाये। एक जगह 'सेल्फ ड्राफ्टिंग' का काम भी करता हूँ। इंटरनेट से चाहे कमाई हो या न हो पर जहाँ काम करने जाता हूँ वहाँ से तो कुछ रुपये बन ही जाते हैं।

सच पूछो तो ये 'रुपया' भी बहुत कमीनी चीज है। जिसके पास नहीं है क्या क्या नहीं करवाता उससे? अकरणीय से भी अकरणीय करवाता है, इज्जत-आबरू तक उतार देता है। जिसके पास नहीं है उसे तो तंगाता ही है और जिसके पास है उसे भी बर्बाद करने पर तुला रहता है। पर किसी ने ठीक ही कहा है कि संसार में रुपया ही सब कुछ नहीं है, रुपये से बढ़ कर भी बहुत सारी चीजें हैं पर मुश्किल यह है कि वे चीजें भी रुपये से ही खरीदनी पड़ती हैं।

आप यही सोच रहे हैं न कि मैं नशा करके लिखने बैठा हूँ, बहक गया हूँ, विषय कुछ है और लिख कुछ रहा हूँ। पर ऐसा कतइ नहीं है। मैं विषयान्तर नहीं कर रहा हूँ जनाब, आ रहा हूँ विषय पर। बात यह है कि मैं झूठ को पसंद नहीं करता। अब आप सोचेंगे कि मैं धार्मिक हूँ, आदर्शवादी हूँ, महान हूँ, ये हूँ, वो हूँ, न जाने क्या क्या हूँ और इसीलिये झूठ को पसंद नहीं करता। पर आपकी सोच बिल्कुल गलत है। दरअसल मैं जब भी झूठ बोलता हूँ तो तत्काल पकड़ा जाता हूँ और सिर्फ इसीलिये मैं झूठ को पसंद नहीं करता। हमेशा छीछालेदर करवा देता है मेरा।

तो मैं बता रहा था कि मैं कहीं पर सेल्फ ड्राफ्टिंग का काम भी करता हूँ। मेरा पूरा काम 'करेस्पांडिंग' का है। सारी चिट्ठी-पत्री अंग्रेजी में होती हैं और 'बॉस' अंग्रजी समझ तो लेता है पर 'ड्राफ्टिंग' नहीं कर पाता। इसीलिये मुझे क्या लिखना है हिंदी में बताया जाता है और मैं उसका अंग्रेजी में अनुवाद कर के तथा टाइप कर के दे देता हूँ। और इसी काम की वजह से ऐसी परिस्थिति में फँस जाता हूँ कि 'सच बोलूँगा तो माँ मारेगी और झूठ बोलूँगा तो बाप कुत्ता खायेगा'।

आगे की बात लिखने के पहले यह बता दूँ कि यह कहावत कैसे बनी। बात यह है कि लड़के के बाप ने बड़े शौक से मटन लाकर अपनी पत्नी को दिया और बोला कि इसे तैयार कर के रखना। ड्यूटी से वापस आकर खाउँगा। लड़के की माँ ने मटन बनाया और कैसा बना है जानने के लिये चखा। मटन इतना जोरदार बना था लड़के की माँ को बार-बार उसे चखने की इच्छा होने लगी और चखते-चखते वह पूरा मटन चट कर गई। मटन के खत्म हो जाने पर उसे भय ने घेरा कि पति वापस आयेगा तो बहुत नाराज होगा। उसे एक उपाय सूझा, उसने पास के मुहल्ले के एक आवारा कुत्ते को मारा और उसके मटन को पका कर रख दिया। लड़का सब कुछ देख रहा था और परेशान था कि क्या करूँ। 'सच बोलूँगा तो माँ मारेगी और झूठ बोलूँगा तो बाप कुत्ता खायेगा'।

हाँ तो जहाँ मैं सेल्फ ड्राफ्टिंग का काम करता हूँ वहाँ का 'बॉस' बहुत रुपये वाला आदमी है। बहुत बड़ा व्यवसाय है उसका। पर वहाँ पर सच का प्रयोग 'दाल में नमक' के हिसाब से किया जाता है। रुपये यदि लेने के निकलते हैं तो देनदार को फोन पर फोन करके ऐसा तंगाया जाता है कि 'नानी याद आ जाये'। जितना लेना निकलता है उसमें पता नहीं क्या क्या चार्जेस, ब्याज आदि जोड़ कर अधिक से अधिक बताये जाते हैं। और अगर रुपये किसी को देने के निकलते हैं तो ऐसे आदमी को फोन अटेंड करने के लिये कहा जाता है जिसे कि लेनदार जानता ही नहीं। (आजकल कॉलर आईडी फोन और मोबाइल होने के कारण पता तो चल ही जाता है कि फोन किसका है।) और फोन अटेंड करने वाला बड़े मजे के साथ कह देता है कि 'बॉस' आवश्यक मीटिंग में है, मुख्यालय से बाहर गया है आदि आदि। वैसे 'बॉस' भी अपनी जगह सही है, यदि व्यवसायी झूठ नहीं बोलेगा तो रुपये कैसे कमायेगा।

तो साहब झूठ बोलने तक ही सीमित रहे वहाँ तक तो ठीक है पर मुझसे तो चिट्ठी पत्री में भी झूठ लिखने के लिये भी कहा जाता है। मैं मना करने की कोशिश करता हूँ तो 'बॉस' कहता है, "अरे अवधिया जी, बोलने से ही तो आपका झूठ पकड़ा जाता है न, आपके चेहरे के भाव देख कर या आपकी आवाज सुन कर। पर चिट्ठी में न तो आपके चेहरा दिखाई पड़ता है और न ही आपकी आवाज सुनाई पड़ती है। फिर क्यों मना करते हैं आप?"

अब क्या करूँ साहब, झूठ लिखने के लिये अंतरात्मा (यदि इस नाम की कोई वस्तु हो तो) धिक्कारती है और 'बास' के अपने साथ अच्छे व्यवहार तथा रुपये कमाने की लालसा के कारण काम छोड़ना हो नहीं पाता। बस इसीलिये ऐसी परिस्थितियों में फँस जाता हूँ कि 'सच बोलूँगा तो माँ मारेगी और झूठ बोलूँगा तो बाप कुत्ता खायेगा'।